ससुराल आया था रक्षाबंधन पर, संदिग्ध हालात में मौत से इलाके में सनसनी
बालाघाट/लालबर्रा। रक्षाबंधन पर ससुराल आए 45 वर्षीय ग्रामीण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। तीन दिनों से लापता ग्रामीण का शव सोमवार शाम खेत के पास स्थित एक कुएं में तैरता मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, अमरसिंह पिता मिलाप सिंह बैगा 45 वर्ष, निवासी बोरी के पोटूटोला, कुछ दिन पहले रक्षाबंधन के अवसर पर अपने ससुराल ग्राम टेकाड़ी आया था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
घास काटने गए किसान ने देखा शव
सोमवार शाम करीब 4 बजे एक स्थानीय किसान खेत में घास काटने गया था। इसी दौरान उसकी नजर पास स्थित कुएं पर पड़ी। कुएं में झांकने पर उसे पानी में एक शव तैरता दिखाई दिया। किसान ने तत्काल शोर मचाकर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।
कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान अमरसिंह के रूप में की।
SDRF ने कुएं से निकाला शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। ग्रामीणों की मदद से होमगार्ड एवं SDRF की टीम ने शव को कुएं से बाहर निकाला।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मौत बनी पहेली
अमरसिंह पिछले तीन दिनों से लापता था और इसके बाद उसका शव कुएं में मिलने से उसकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। वह अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गया है। परिवार में घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। ग्रामीण की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई और वजह, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।